पैरावट के ढेर में युवती की जली हुई लाश मिलने से मचा हड़कंप, हत्या की आशंका

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

पैरावट के ढेर में युवती की जली हुई लाश मिलने से मचा हड़कंप, हत्या की आशंका

बलौदाबाजार/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम चरौटी में उस वक्त सनसनी फैल गई जब गांव के बाहर बने ब्यारे में पैरावट के ढेर के अंदर से एक युवती की जली हुई लाश बरामद हुई। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान चरौटी निवासी तेजस्विनी पटेल (26 वर्ष) के रूप में हुई है। तेजस्विनी अपने पिता के साथ गांव में रहती थी और रोजाना मजदूरी करने बलौदाबाजार जाया करती थी। शुक्रवार की रात उसने पिता के साथ भोजन किया और उसके बाद सोने चली गई थी। शनिवार सुबह जब पिता ने देखा कि घर का दरवाजा बाहर से बंद है, तो शक होने पर उन्होंने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खुलवाया। इसी दौरान गांव में जली हुई लाश मिलने की सूचना मिली। जब वे मौके पर पहुंचे तो शव उनकी बेटी का ही निकला।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मृतका के हाथ बंधे मिले हैं और शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि युवती की हत्या कर शव को जलाने की कोशिश की गई है। फिलहाल फोरेंसिक टीम और पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। घटना के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Share This Article