निर्माणाधीन बिल्डिंग की सेंटरिंग गिरी, 9 मजदूर घायल, 2 की हालत गंभीर
भिलाई/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले के जुनवानी स्थित अभिषेक मिश्रा मेमोरियल मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर के सामने रविवार दोपहर निर्माणाधीन बिल्डिंग की ढलाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। ढलाई के समय पूरी सेंटरिंग अचानक गिरने से वहां काम कर रहे करीब 25 मजदूरों में से 9 घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का इलाज पास ही स्थित इसी अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस के अनुसार हादसा दोपहर करीब 1 बजे हुआ, जब मजदूर दूसरी मंजिल के छज्जे की ढलाई कर रहे थे। अचानक सेंटरिंग ढह जाने से कई मजदूर नीचे गिर गए। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन और ठेकेदार पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। अस्पताल प्रशासन ने फिलहाल टिप्पणी करने से इनकार किया है। सुपेला थाना प्रभारी विजय यादव ने बताया कि हादसे में सभी घायलों को उपचार के लिए भर्ती किया गया है। प्राथमिक जांच में सेंटरिंग कमजोर होने की संभावना जताई जा रही है। मामले की जांच जारी है।
