18 वर्षीय छात्र ने की आत्महत्या, 12 पन्नों का मिला सुसाइड नोट, शिक्षकों पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप
जांजगीर-चांपा: जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आरसमेटा से एक हृदयविदारक मामला सामने आया है। यहां 18 वर्षीय छात्र कमलेश जायसवाल ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और परिजनों ने स्कूल के शिक्षकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह छात्र का शव उसके घर में पंखे से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। मौके से 10 से 12 पन्नों का एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें छात्र ने अपनी पीड़ा और आत्महत्या के कारणों का उल्लेख किए जाने की बात कही जा रही है। पुलिस ने सुसाइड नोट को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने अमोरा-आरसमेटा मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने स्कूल के दोषी शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई। चक्का जाम के चलते मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा।
सूचना मिलने पर मुलमुला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। सुसाइड नोट, परिजनों के बयान और स्कूल से जुड़े तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस जांच जारी है। वहीं मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
