कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के वनांचल क्षेत्र में आबकारी विभाग के दो अधिकारियों पर आदिवासी ग्रामीणों से अवैध वसूली के गंभीर आरोप सामने आए हैं। रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक फूलसिंह राठिया ने इस मामले को लेकर कलेक्टर को पत्र लिखते हुए निष्पक्ष जांच कराने और दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

विधायक द्वारा भेजे गए पत्र में आबकारी विभाग के उप निरीक्षक जया मेहर देवांगन और प्रधान आरक्षक संतोष राठौर पर पद का दुरुपयोग करने के आरोप लगाए गए हैं। विधायक का कहना है कि ये अधिकारी क्षेत्र के आदिवासी ग्रामीणों को जेल भेजने की धमकी देकर उनसे अवैध रूप से पैसों की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का दावा है कि रकम न देने पर उनके खिलाफ झूठे प्रकरण दर्ज करने की चेतावनी दी जाती है।
पत्र में ग्राम पंचायत बरपाली का भी उल्लेख किया गया है जहां हाल ही में आबकारी विभाग और ग्रामीणों के बीच विवाद की स्थिति बनी थी। विधायक का आरोप है कि इस घटना के बाद विभाग द्वारा श्यांग थाना में गरीब आदिवासी ग्रामीणों और पंचायत के सरपंच के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई जिससे ग्रामीणों में भय और दबाव का माहौल बनाया गया।
विधायक फूलसिंह राठिया ने प्रशासन को चेताते हुए कहा है कि यदि समय रहते मामले की जांच नहीं की गई, तो आदिवासी समुदाय का शासन-प्रशासन से विश्वास उठ सकता है। उन्होंने आरोपित अधिकारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई और आदिवासी ग्रामीणों को न्याय दिलाने की मांग की है। इस पूरे मामले में अब जिला प्रशासन की भूमिका अहम मानी जा रही है। निष्पक्ष जांच होने की स्थिति में वनांचल क्षेत्रों में लंबे समय से चले आ रहे कथित अवैध वसूली के मामलों पर से पर्दा उठ सकता है।
