कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में एक भीषण सड़क हादसे में दो ट्रेलर आपस में टकरा गए। यह घटना राताखार मुख्य मार्ग पर हुई जहां तेज रफ्तार के कारण दोनों ट्रेलरों में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में एक ट्रेलर चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया जिसे घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका।
जानकारी के मुताबिक यह पूरी घटना कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत राताखार मुख्य मार्ग की है। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रेलर वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने फंसे चालक को बाहर निकालने के लिए राहत कार्य शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद चालक को सुरक्षित केबिन से बाहर निकाला गया और तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया जहां उसका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि एक ट्रेलर कुसमुंडा से कोरबा की ओर जा रहा था, जबकि दूसरा ट्रेलर कोरबा से गेवरा की दिशा में आ रहा था। रात का समय और अत्यधिक गति इस दुर्घटना का प्रमुख कारण मानी जा रही है।
सूचना मिलते ही 112 डायल टीम और कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने और यातायात बहाल करने की कार्रवाई शुरू की। स्थानीय लोगों के अनुसार हादसा दोनों ट्रेलरों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुआ।
इस वीडियो को देखने के लिए यहां क्लिक करें
https://www.instagram.com/reel/DUIaGDJCG0d/?igsh=NGl1OTBodXZzNmRp
