टोकन न मिलने से नाराज़ किसान हाई टेंशन टावर पर चढ़ा, मची अफरा-तफरी, देखें वीडियो….
जांजगीर-चांपा: जांजगीर-चांपा जिले के कसौदी गांव में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब धान बेचने के लिए टोकन न मिलने से नाराज़ एक किसान हाई टेंशन टावर पर चढ़ गया। किसान की पहचान अनिल कुमार पैगवार के रूप में हुई है।
धान खरीदी शुरू होने के बावजूद टोकन जारी न होने से किसान अनिल पैगवार पिछले कई दिनों से परेशान था। बार-बार आवेदन और अधिकारियों से गुहार लगाने के बाद भी जब कोई समाधान नहीं निकला, तो उसने विरोध स्वरूप यह खतरनाक कदम उठा लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। तहसीलदार सहित राजस्व विभाग के अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था संभाली और किसान को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए।
कसौदी समेत आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिससे भीड़ बढ़ गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की।
फिलहाल प्रशासन किसान की समस्या को समझने और टोकन से जुड़े मामले का समाधान निकालने के लिए बातचीत कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि किसान को किसी प्रकार की हानि न हो, इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
