कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक सड़क सुरक्षा माह का सफल आयोजन किया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन में जिलेभर के थाना एवं चौकी क्षेत्रों में संचालित किया गया। सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत कुल 27 जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनके माध्यम से लगभग 6705 नागरिकों को यातायात नियमों और सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक किया गया।
समापन कार्यक्रम में दिया गया सुरक्षा का संदेश
सड़क सुरक्षा माह के समापन अवसर पर करतला से हाटी रोड पर विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें सड़क किनारे स्थित पेड़ों पर कलर एवं रेडियम पट्टियां लगाई गईं। इस अभियान में कलेक्टर कुणाल देवदत्त एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी स्वयं श्रमदान करते हुए शामिल हुए। उन्होंने पेड़ों पर रेडियम पट्टियां लगाकर यह संदेश दिया कि रात्रिकालीन समय में बेहतर दृश्यता से सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है।
महीनेभर चले ये प्रमुख कार्यक्रम:-
-स्कूल-कॉलेजों में यातायात प्रशिक्षण: 12 कार्यक्रम, 2820 विद्यार्थी लाभान्वित
-हेलमेट जागरूकता रैली: 1 कार्यक्रम, 150 नागरिकों की सहभागिता
-नुक्कड़ नाटक के माध्यम से संदेश: 400 से अधिक नागरिक
-सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम: 9 कार्यक्रम, 1910 नागरिक लाभान्वित
-सड़क सुरक्षा पोस्टर अभियान: 2 कार्यक्रम, 1000 लोगों तक संदेश
-यातायात नियमों का पालन करने वालों का सम्मान: 350 नागरिकों को गुलाब वितरण
-स्कूली वाहनों की जांच: 75 वाहन/व्यक्ति शामिल
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और यातायात नियमों का सम्मान करें।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर ऐसे जागरूकता और दुर्घटना-निवारक अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि आमजन की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
