कोरबा में पत्नी ने बीमार पिता को पिलाया जहर, फोन पर पत्नी-प्रेमी ने रची थी हत्या की साजिश, प्रेमी भी गिरफ्तार

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

मासूम बेटी की गवाही से खुला राज……

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से सामने आए एक सनसनीखेज हत्याकांड ने इंसानी रिश्तों को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने दिव्यांग और गंभीर रूप से बीमार पति की हत्या कर दी और वारदात को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। हालांकि 10 साल की मासूम बेटी की गवाही ने पूरी साजिश बेनकाब कर दी।

पुलिस के अनुसार मृतक अरुण सिंह लंबे समय से लकवाग्रस्त था और टीबी जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित था। बीमारी के चलते वह काम करने में असमर्थ था और परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर हो चुकी थी। पत्नी बनती बाई घर पर रहती थी और रिश्तेदारों की मदद से घर का खर्च चलता था।

इसी दौरान बनती बाई का संपर्क दुर्ग निवासी शमशेर खान से हुआ, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों मोबाइल फोन पर लगातार बातचीत करते थे और साथ नई जिंदगी शुरू करने की योजना बना रहे थे। इस रास्ते में सबसे बड़ी बाधा महिला का बीमार पति था।

हत्या की साजिश के तहत बनती बाई ने अपने बेटे को यह कहकर बाजार भेजा कि घर के फूलों में कीड़े लग गए हैं और कीटनाशक दवा चाहिए। मासूम बेटे ने अनजाने में जहर जैसी दवा खरीदकर ला दी। महिला ने दवा छिपाकर रखी और प्रेमी के संपर्क में रहकर वारदात की योजना बनाती रही। कॉल डिटेल रिकॉर्ड से इसकी पुष्टि हुई है।

29 जनवरी की रात महिला ने पानी में कीटनाशक मिलाकर जबरदस्ती पति को पिला दिया। योजना थी कि बाद में इसे आत्महत्या या दुर्घटना बताया जाएगा। गंभीर हालत के बावजूद पति को अस्पताल नहीं ले जाया गया। रातभर तड़पने के बाद सुबह उसकी मौत हो गई।

घटना के वक्त बच्चों को कमरे से बाहर भेज दिया गया था, लेकिन 10 साल की बेटी ने खिड़की से पूरी वारदात देख ली। जब पुलिस को महिला की कहानी संदिग्ध लगी और बच्ची से अलग पूछताछ की गई, तो उसने पूरी सच्चाई बता दी। यही गवाही इस केस की सबसे अहम कड़ी साबित हुई। इस खौफनाक घटना के बाद दो मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।

पुलिस ने पहले ही आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इसके बाद मोबाइल कॉल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों के आधार पर प्रेमी शमशेर खान को करीब 250 किलोमीटर दूर दुर्ग से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि हत्या की साजिश दोनों ने मिलकर रची थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या और साजिश की धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share This Article