मुख्यमंत्री का कोरबा दौरा… भाजपा कार्यालय “अटल स्मृति भवन” का मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया भूमि पूजन 

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज कोरबा जिले के प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने कोरबा शहर में पुलिस लाइन के समीप बनने वाले नवीन जिला भारतीय जनता पार्टी कार्यालय “अटल स्मृति भवन” का विधिवत भूमि पूजन किया। यह कार्यक्रम भाजपा संगठन के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।

भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय तथा छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन हेलीपैड कोरबा पहुंचे। हेलीपैड पर प्रशासनिक अधिकारियों एवं भाजपा नेताओं द्वारा उनका स्वागत किया गया। इसके बाद वे कार से कार्यक्रम स्थल पहुंचे जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन की रस्म पूरी की गई।

भूमि पूजन के पश्चात मुख्यमंत्री ने पूजा-अर्चना कर सभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने अटल स्मृति भवन को भाजपा संगठन के लिए प्रेरणा का केंद्र बताते हुए कहा कि यह कार्यालय संगठनात्मक गतिविधियों को और मजबूत करने का कार्य करेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान भी किया।

कार्यक्रम के दौरान मंच पर कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। इस अवसर पर भाजपा नेताओं ने कहा कि अटल स्मृति भवन का निर्माण पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों और आदर्शों को समर्पित रहेगा। कार्यक्रम के सफल आयोजन से जिले में भाजपा संगठन की मजबूती का संदेश भी गया।

Share This Article