अब ITMS कैमरे से कटेंगे ई-चालान, भुगतान नहीं करने पर रुकेंगी वाहन सेवाएं, 90 दिन में मामला सीधे कोर्ट में….

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

 

रायपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज:   पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने रविवार को ITMS कंट्रोल रूम एंड कमांड सेंटर का निरीक्षण किया और कामकाज का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खराब कैमरों की शीघ्र मरम्मत और अन्य सुधारों के लिए निर्देश दिए।

पुलिस कमिश्नर ने कहा कि वसूली के आरोपों से बचने के लिए केवल ई-चालान जारी किए जाएं। वाहन मालिक को चालान की जानकारी मोबाइल और व्हाट्सएप के माध्यम से अनिवार्य रूप से भेजी जाएगी। ई-चालान की राशि का भुगतान नहीं करने पर परिवहन संबंधी सेवाएं रोकी जाएंगी और 90 दिन बाद मामला अनिवार्य रूप से कोर्ट में पेश किया जाएगा। इसके पहले वाहन मालिक को नोटिस भी भेजा जाएगा।

लाइसेंस, बीमा और अन्य सेवाओं के लिए नई प्रक्रिया
डॉ. शुक्ला ने निर्देश दिए कि परिवहन विभाग के समन्वय से ई-चालान तैयार किया जाए और भुगतान न करने पर वाहन एवं वाहन स्वामी की लाइसेंस नवीनीकरण, परमिट, फिटनेस, नामांतरण, बीमा और प्रदूषण जांच प्रमाण पत्र जैसी सेवाएं रोक दी जाएं। इससे ई-चालान की राशि का भुगतान बढ़ेगा और वाहन स्वामी ट्रैफिक नियमों का पालन करने के महत्व को समझेंगे।

नो एंट्री और नशा वाहन चालकों पर सख्ती
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि नशा करके वाहन चलाने वाले और नो एंट्री उल्लंघन करने वालों के चालान मौके पर तैयार कर न्यायालय भेजे जाएं। निरीक्षण के दौरान एसीपी ट्रैफिक गुरजीत सिंह, ट्रैफिक मुख्यालय प्रभारी टीकेलाल भोई और अन्य स्टाफ भी मौजूद रहे।

Share This Article