कोरबा: 11वीं की छात्रा ने घर में लगाई फांसी, सुसाइड नोट बरामद

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा: 11वीं की छात्रा ने घर में लगाई फांसी, सुसाइड नोट बरामद

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय छात्रा द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच के दौरान छात्रा के कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद किया गया है। हालांकि, नोट में क्या लिखा है, इसका खुलासा अभी नहीं किया गया है। पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक मृतिका की पहचान सांची कंवर के रूप में हुई है, जो सेंट जेवियर स्कूल में 11वीं कक्षा की छात्रा थी। बताया जा रहा है कि सांची कंवर मोगरा थाना में पदस्थ आरक्षक रजपाल सिंह कंवर की भांजी थी और अपनी मां के साथ पुलिस लाइन क्षेत्र स्थित मामा के घर में रहती थी। वह मूल रूप से कटघोरा क्षेत्र के अमरपुर की निवासी थी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जांच के दौरान पुलिस ने छात्रा का मोबाइल फोन भी जब्त किया है। जानकारी के मुताबिक, घटना के समय उसके कान में हेडफोन लगा हुआ था। पुलिस मोबाइल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

प्रतीक चतुर्वेदी (सीएसपी) ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं तथा मामले में आगे की जांच कार्यवाही की जा रही है।

Share This Article