कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र में सोमवार को हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। घटना सीएसईबी मिनी हाइडल पावर प्लांट के के पास हुई। राहगीरों द्वारा युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मुकेश कंवर 28 वर्ष के रूप में हुई है। वह दर्री सीएसईबी कॉलोनी का निवासी था। मुकेश कंवर अपनी ओला स्कूटी से दर्री कॉलोनी से कोरबा की ओर जा रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे झाड़ियों में उसकी स्कूटी गिरी हुई मिली जबकि उसका शव कुछ दूरी पर पड़ा था। राहगीरों द्वारा युवक को बाहर निकालकर तत्काल उपचार के लिए NTPC हॉस्पिटल कोरबा पहुंचाया गया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत होता है। आशंका जताई जा रही है कि किसी भारी वाहन की चपेट में आने से युवक को गंभीर चोटें आईं जिससे उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही दर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। शव को पहले एनटीपीसी अस्पताल की मर्च्युरी में रखा गया बाद में पोस्टमार्टम के लिए कटघोरा अस्पताल भेजा गया। मृतक एक निजी पावर प्लांट कंपनी में कार्यरत था और अविवाहित था।
दर्री थाना प्रभारी आशीष सिंह ने बताया कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
