चाकू लेकर नाबालिग के घर पहुंचा सनकी आशिक, परिवार को दी धमकी, आरोपी गिरफ्तार
कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र में एक नाबालिग को चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोपी ने न केवल नाबालिग को डराया, बल्कि उसकी मां को भी धमकाया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार जांजगीर जिले का रहने वाला 23 वर्षीय समीर यादव नाबालिग के घर पहुंचा और उसे धमकाने लगा। उसने कहा कि वह उसे किसी और का नहीं होने देगा। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उसकी शादी किसी और से हुई तो वह उसे और उसके पति को जान से मार देगा।
घटना से घबराई नाबालिग और उसकी मां ने हिम्मत जुटाकर मानिकपुर चौकी में शिकायत दर्ज कराई। चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की। आरोपी को उसके मोबाइल नंबर के आधार पर कोरबा से ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी और नाबालिग एक ही गांव के रहने वाले हैं। कुछ साल पहले नाबालिग अपने परिवार के साथ कोरबा आकर बस गई थी। आरोपी पहले भी उससे संपर्क में था और एकतरफा प्रेम करता था, जबकि नाबालिग ने उसका प्रस्ताव ठुकरा दिया था।
करीब छह महीने पहले भी आरोपी पर मारपीट का आरोप लगा था, जिसकी शिकायत दर्ज कराई गई थी। फिलहाल आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
