कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के मुड़ापार बाजार में गन्ना जूस की दुकान पर काम कर रहे 16 वर्षीय नाबालिग का हाथ मशीन में फंस गया जिससे उसके बाएं हाथ की चार उंगलियां टूट गईं और पंजा गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नाबालिग रोज की तरह गन्ना मशीन में डाल रहा था, तभी अचानक उसका हाथ मशीन के रोलर में चला गया। मशीन में फंसते ही वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा। उसकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और किसी तरह मशीन बंद कर उसका हाथ बाहर निकाला। घटना के बाद युवक खून से लथपथ हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि नाबालिग अपने परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण दुकान पर मजदूरी कर रहा था। इस हादसे के बाद क्षेत्र में बाल श्रम को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि नाबालिग से इस तरह की खतरनाक मशीन पर काम कराना कानूनन अपराध है। बाल श्रम प्रतिषेध एवं विनियमन अधिनियम के तहत इस तरह के कार्यों पर पूरी तरह प्रतिबंध है इसके बावजूद इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। घटना ने न सिर्फ सुरक्षा मानकों की अनदेखी को उजागर किया है बल्कि प्रशासनिक निगरानी पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
