कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक टायर गोदाम में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना सुतर्रा–कटघोरा मुख्य मार्ग पर तरुण पियूष दुकान के सामने स्थित गोदाम की है जहां अचानक उठीं लपटों और काले धुएं के गुबार ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गोदाम के सामने लगे ट्रांसफार्मर से अचानक चिंगारी निकली, जिसने पास में रखे टायरों को अपनी चपेट में ले लिया। टायर जैसे ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और देखते ही देखते पूरा गोदाम धू-धू कर जलने लगा। आग लगने के साथ ही इलाके की बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। स्थानीय लोग भी शुरुआती स्तर पर आग पर काबू पाने में जुटे रहे, लेकिन टायरों में लगी आग ने विकराल रूप ले लिया था। इस दौरान गोदाम के पास खड़ा एक ट्रेलर भी खतरे में आ गया, जिसे लोगों ने समय रहते हटा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने स्थिति को संभालते हुए भीड़ को नियंत्रित किया और मार्ग पर यातायात को व्यवस्थित किया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो चुका था।
स्थानीय लोगों ने घटना के लिए जर्जर ट्रांसफार्मर को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि ट्रांसफार्मर पहले से खराब स्थिति में था और अधिक लोड के चलते शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग भड़की। लोगों ने विद्युत विभाग से ऐसे ट्रांसफार्मरों को जल्द बदलने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की है।
कोरबा: टायर गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक, देखें वीडियो….
