कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के दीपका क्षेत्र में एटक यूनियन ने जोरदार शक्ति प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय महामंत्री व प्रदेश अध्यक्ष अजय विश्वकर्मा का भव्य स्वागत किया। इस मौके पर एरिया जेसीसी विनोद यादव और अजय राठौर के नेतृत्व में मोटरसाइकिल रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रमिक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ठेका श्रमिकों का एटक की ओर बढ़ता रुझान रहा। दीपका खदान क्षेत्र के करीब 150 ठेका श्रमिकों ने एटक की सदस्यता ग्रहण की। इसके अलावा सीटू से जुड़े गया प्रसाद चंद्रा के नेतृत्व में 10 श्रमिकों ने भी एटक जॉइन किया, जिसे क्षेत्र की श्रमिक राजनीति में अहम बदलाव माना जा रहा है।
सभा को संबोधित करते हुए अजय विश्वकर्मा ने कहा कि एटक हमेशा श्रमिकों के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी उनकी आवाज बुलंद करती रहेगी। उन्होंने नए सदस्यों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को प्राथमिकता से उठाया जाएगा। वहीं बी. धर्मा राव ने श्रमिक एकता पर जोर देते हुए कहा कि अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित होना जरूरी है। उन्होंने सभी श्रमिकों से एकजुट रहने और संगठन को मजबूत करने की अपील की।
कार्यक्रम में पंकज गर्ग, सजल मित्र, गोपाल यादव, मुकेश साहू सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। साथ ही विनोद कुमार यादव, संतोष कुमार पटेल, भारत लाल साहू समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रमिकों की भागीदारी ने यह संकेत दिया कि क्षेत्र में एटक यूनियन का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है।
