तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने बुलेट को मारी टक्कर, हादसे में SECl माइनिंग सरदार की मौत, ड्यूटी से लौट रहे थे घर   

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read




कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले के कटघोरा-ढेलवाडीह बायपास मार्ग पर मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार 407 मिनी ट्रक ने बुलेट सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान आशुतोष कुमार सिंह (29 वर्ष) के रूप में हुई है, जो SECL सुराकछार खदान में माइनिंग सरदार के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि आशुतोष ड्यूटी खत्म कर बुलेट से अपने घर लौट रहे थे, तभी ढेलवाडीह बायपास पर सामने से आ रही तेज रफ्तार 407 ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुलेट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और आशुतोष सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में उनके सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को 108 एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने हादसे में शामिल 407 वाहन को जब्त कर लिया है और ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। फिलहाल ड्राइवर से पूछताछ की जा रही है।

Share This Article