कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोतवाली थाना पुलिस ने आईपीएल मैचों पर सट्टा खिलाने वाले गिरोह का खुलासा किया है।
पुलिस को 13 अप्रैल 2026 को सूचना मिली थी कि कुछ लोग मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा चला रहे हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान एक आरोपी को पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी “KHELO BAAZI BOOK” नाम के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए सट्टा खेल रहे थे और खिला रहे थे। इस आईडी में अब तक भारी लेन-देन हुआ है और करीब 72,020 का बैलेंस भी मिला है।
पकड़े गए आरोपी का नाम जशवीर राना (33 वर्ष) है, जो कोरबा के लक्ष्मणबन तालाब क्षेत्र का रहने वाला है। वहीं दूसरा आरोपी निखिल राजपूत मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
इस मामले में छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 6 (क), 7(1) के तहत केस दर्ज किया गया है और गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश कर दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में कोतवाली और साइबर थाना की टीम की अहम भूमिका रही।
