कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र स्थित हसदेव डेम के पास एक युवती का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना राहगीरों द्वारा दर्री थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान नंदनी मेहर (30 वर्ष) के रूप में हुई है। वह नीलगिरि सिंचाई कॉलोनी, दर्री थाना के पीछे की निवासी थी। परिजनों के अनुसार, नंदनी पार्लर का काम सीखने जाती थी। बुधवार सुबह जब वह घर पर नहीं मिली तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान आसपास के लोगों से सूचना मिली कि हसदेव डेम में एक युवती का शव मिला है।
सूचना मिलने पर पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। फिलहाल, मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
