कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के हर्राडीह मोहल्ले में 65 वर्षीय वृद्धा की हत्या और उसके बेटे-बहू पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। जांच में सामने आया कि पत्नी के घर छोड़कर चले जाने से नाराज होकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार चैतमा चौकी क्षेत्र के ग्राम पंचायत ईरफ स्थित हर्राडीह मोहल्ले में शनिवार देर रात चैतराम धनवार और उसकी पत्नी प्रमिला पर सोते समय धारदार हथियार से हमला किया गया। वहीं पास की झोपड़ी में सो रही चैतराम की 65 वर्षीय मां समारिन बाई की कनपटी पर टंगिया से वार कर हत्या कर दी गई।
घटना के बाद घायल चैतराम ने पुलिस को दिए बयान में अपने रिश्तेदार, लीमपानी निवासी 50 वर्षीय हीरालाल धनवार पर शक जताया। संदेह के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने हत्या और हमले की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद उसके खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया।
पत्नी की तलाश में पहुंचा था हर्राडीह
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका समारिन बाई की नातिन मनधनिया बाई ने हीरालाल धनवार से दूसरी शादी की थी। आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था और अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। घटना से पहले भी विवाद के बाद मनधनिया घर छोड़कर चली गई थी।
शनिवार सुबह पत्नी की तलाश करते हुए हीरालाल हर्राडीह पहुंचा, जहां उसकी मुलाकात समारिन बाई और चैतराम से हुई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। पुलिस के मुताबिक, इसी विवाद से नाराज होकर आरोपी देर रात जंगल के रास्ते वापस गांव पहुंचा और समारिन बाई की हत्या करने के साथ ही चैतराम और उसकी पत्नी पर भी जानलेवा हमला कर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।
