कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा-चांपा मार्ग अंतर्गत उरगा-भैसमा मार्ग में बड़ा हादसा हुआ है। यहां एक ट्रेलर ने माजदा वाहन को टक्कर मार दी जिसके बाद वहां स्थित एक कपड़ा दुकान में जा घुस गई। घटना के बाद लोगों में अफरा तफरी मच गई। इस हादसे में किसी तरह की जान हानि तो नहीं हुई है।
वहीं इस हादसे में कपड़ा दुकान संचालक को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। वहीं माजदा वाहन के परखच्चे उड़ गए। बताया जा रहा है कि उरगा थानांतर्गत ग्राम भैसमा के कुछ ग्रामीण सैर सपाटे के लिए निकले थे। वे मुख्यमार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर आ रहे एक ट्रेलर पर पड़ी। वे कुछ समझ पाते, इससे पहले चालक ने ट्रेलर से नियंत्रण खो दिया, अनियंत्रित ट्रेलर मार्ग से गुजर रहे 407 माजदा वाहन को ठोकर मारते हुए द बॉयज नामक कपड़े की दुकान में जा घुसा। गनीमत यह रही कि घटना के समय दुकान में कोई मौजूद नहीं था। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में आगे की कार्यवाही की जा रही है।
