कोरबा में उल्टी-दस्त से दो बच्चों की हुई मौत, गांव में कई लोग हैं पीड़ित

2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले के ग्राम डूमरडीह में उल्टी-दस्त से पीड़ित एक पहाड़ी कोरवा बच्ची उम्र (12वर्ष) की मौत हो गई। दो दिन पहले इसी ब्लॉक के ग्राम गुरमा में 15 साल की लड़की की मौत हुई थी। लोगों के मुताबिक डायरिया की चपेट में कई लोग आ गए हैं। प्रदेश में बीते 13 दिनों में मलेरिया-डायरिया से 9 आदिवासियों की मौत हुई है।

जानकारी के मुताबिक़ ग्राम डूमरडीह में उल्टी-दस्त से मौत की घटना सामने आई है। मृतिका मंगला के चाचा सुखु राम ने बताया कि पिछले 3 दिनों से मंगला की तबीयत खराब थी। पीड़ित परिवार पहाड़ में निवास करता है। तबीयत खराब होने के बाद उसे पहाड़ से नीचे उतारा गया। काफी मशक्कत के बाद उसे अस्पताल ले जाया रहा था, जहां रास्ते में उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आसपास गांव और बस्ती में कई लोग उल्टी-दस्त से पीड़ित है। ग्रामीण देवना राम पहाड़ी कोरवा ने बताया कि मौसम में हो रहे बदलाव के कारण गांव के अलावा आसपास और गांव में महामारी फैली हुई है उल्टी-दस्त और पेट दर्द से लोग परेशान है।


आस-पास कोई अस्पताल नहीं होने के कारण ग्रामीणों को कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस इलाके में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नहीं होने के कारण लोगों को काफी लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। इसकी सूचना मितानिन को भी दे दी गई है, लेकिन अब तक स्वास्थ्य विभाग का अमला यहां नहीं पहुंचा है। इस महामारी के कारण गांव में दहशत फैला हुआ है।

Share This Article