त्रिपुरा के जवान ने सर्विस राइफल से खुद को मारी गोली, कुसमुंडा खदान में ड्यूटी पर था तैनात, मचा हड़कंप

2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के कुसमुंडा कोयला खदान में एक जवान ने खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद अन्य जवानों में हड़कंप मच गया। घटना के सूचना पर पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए।

जानकारी के मुताबिक एसईसीएल की खदानों में सुरक्षा के लिए त्रिपुरा राइफल्स बटालियन को तैनात किया गया है। जवान आजाद सिंह की भी शुक्रवार रात खदान की सुरक्षा में ड्यूटी लगी थी। अचानक जवान ने खदान के कोल स्टॉक नंबर 29 के पास अपनी सर्विस राइफल एक-47से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही त्रिपुरा राइफल्स व एसईसीएल प्रबंधन में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही कुसमुंडा थाना प्रभारी निरीक्षक रूपक शर्मा मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू कर दी। फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल कर रही है। खदान में इस तरह की यह पहली घटना है। थाना प्रभारी शर्मा के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। मामले में जांच की जा रही है। 

बताया जा रहा है कि आजाद सिंह मूलतः राजस्थान का रहने वाला था। जेआरसी क्लब कुसमुंडा में त्रिपुरा राइफल के जवानों का अस्थाई कैंप है, वर्तमान में आजाद भी वही रहता था। उसके साथियों के अनुसार पत्नी के साथ पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। एसईसीएल के जनसंपर्क अधिकारी सनीश ने बताया कि कि साल में उसे तीन बार अवकाश भी दिया गया था। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।


Share This Article