खेत में एक साथ मिले 3 नर कंकाल, मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम
बलरामपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले में लंबे समय से बन्द बड़े फ्लाई ऐश ब्रिक्स प्लांट में नरकंकाल मिलने के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है। खोपड़ियों के अलावा कई सारे हड्डी के टुकड़े भी पाए गए हैं। ग्रामीणों द्वारा कंकाल मिलने की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाँच पड़ताल शुरू कर दी है। आशंका जताई जा रही है कि हड्डियां कुछ दिन पहले लापता मां, बेटी और बेटे की है।
जानकारी के मुताबिक घटना ज़िले के दहेजवार गाँव की है। दहेजवार गांव के लोग शुक्रवार सुबह खेत में धान कटाई के लिए बंद पड़े ब्रिक्स प्लांट के परिसर के पास गए थे। ग्रामीणों ने देखा तो कई जगहों पर हड्डियों के टुकड़े बिखरे पड़े थे। ग्रामीणों की सूचना पर तत्काल पुलिस बड़ी संख्या में पहुंची। पुलिस ने कंकालों को बरामद कर लिया है।
जाँच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि तीनों कंकाल किनके हैं लेकिन अनुमान लगाया जा रहा है कि जिले के कुसमी निवासी सूरजदेव ठाकुर की पत्नी कौशल्या ठाकुर बेटी मुस्कान ठाकुर और बेटा मिंटू 27 सितंबर से लापता है जिनका अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है ।
वहीं मामले में एएसपी शैलेन्द्र पांडेय ने नर कंकाल मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि डॉक्टर और फोरेंसिक टीम की मदद ली जा रही है। प्रथम दृष्टया ये नर कंकाल काफी पुराने हैं। पुलिस टीम इसका भी पता लगाएगी कि ये नर कंकाल कब के हैं, और कहां से आए हैं। जरूरत पड़ी तो नर कंकालों का डीएनए भी कराया जाएगा।
