कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में एक शराबी युवक ने जमकर हाई वोल्टेज ड्रामा किया। दरअसल, युवक नशे की हालत में हाई टेंशन टावर पर चढ़ गया। इस दौरान लोगों की भीड़ जमा हो गई। मामले की जानकारी लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को टावर से उतारने की कोशिश शुरू की। कड़ी मशकत के बाद जैसे-तैसे युवक को उतारा जा सका, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला मानिकपुर चौकी अंतर्गत दादर बस्ती की है। हाई वोल्टेज ड्रामा करने वाले युवक का नाम करन देंदे उम्र (26 साल) है। बताया जा रहा है कि वह अपनी पत्नी से शराब के लिए 500 रुपये की मांग कर रहा था और जब पत्नी ने पैसे नहीं दिए, तो वह गुस्से में आकर 60 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया और पैसे नहीं देने पर टावर से कूद जाने की धमकी देते रहा। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। युवक की इस हरकत से ग्रामीण हैरान रह गए। युवक से बातचीत करने के लिए लोग शराब पिलाने या 500 रूपये देने की बात कर रहे थे।
कई लोग उसे समझाकर नीचे उतारने का प्रयास करते रहे थे। लेकिन वह नीचे आने को तैयार नहीं था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर मानिकपुर चौकी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जवानों ने उसे सुरक्षित उतारने के प्रयास तेज कर दिए। कड़ी मशक्कत के बाद समझाबुझा कर युवक को सही-सलामत नीचे उतार लिया गया, और घर भेज दिया गया है।
