ट्रक और मुर्गी लोड पिकअप में हुई जोरदार टक्कर, दो लोगों की हुई दर्दनाक मौत
रायगढ़/सीजी एनएन 24 न्यूज: रायगढ़ जिले में रविवार की देर रात भीषण हादसा हुआ है। तेज रफ्तार ट्रक और मुर्गी लेकर जा रहे पिकअप की आमने-सामने से टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में पिकअप सवार 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पिकअप में फंसे मृतकों को कड़ी मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया है।
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। रायगढ़ घरघोड़ा मार्ग मे रविवार रात लाखा के पास पूंजीपथरा की तरफ से आ रहे ट्रक चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए पिकअप को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए। वहीं, ट्रक के नीचे दबने से पिकअप में सवार दो लोग मोहम्मद अंजर (24 वर्ष) और सुरेश उरांव (26 वर्ष) निवासी झारखंड की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया है। बताया जा रहा है की पिकअप सवार दोनों युवक सारंगढ़ से मुर्गियां लेकर झारखंड जा रहे थे। दोनों लाखा तिराहा के पास पहुंचे ही थे, तभी सामने की तरफ से आ रहे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट मे ले लिया।
इस घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पिकअप वाहन में फंसे दोनों मृतकों के शवों को निकालने के लिए क्रेन की मदद लेनी पड़ी। दोनों के शव को कई घंटे बाद क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया और फिर पोस्टमार्टम के जिला अस्पताल भेजा गया है। वहीं, आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
