कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के दीपका क्षेत्र में चाकूबाजी की घटना सामने आई है, जिसमें पूजा करने के लिए मंदिर गई युवती पर दो नकाबपोश युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद युवक फरार हो गए। किसी तरह युवती को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही दीपका पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला दीपका थाना क्षेत्र के बड़े शिव मंदिर गेवरा ऊर्जानगर का है। बताया जा रहा है कि युवती अपने सहेली से साथ शिव मंदिर में पूजा करने के लिए गई थी। पूजा करने के बाद घर जाने के लिए स्कूटी चालू करते समय दो नकाबपोश युवक पहुंचे और चाकू से हमला करना शुरू कर दिया। युवती के चीख-पुकार मचाते ही युवक मौके से फरार हो गए। हमले में युवती की कलाई से अत्याधिक खून बहने लगा, जिससे युवती बेहोश हो गई। आनन-फानन में युवती को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां उसका उपचार जारी है। युवती की सहेली ने पूरे घटना की जानकारी दीपका पुलिस को दी। पुलिस इस मामले में अपराध दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
