कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के कुसमुंडा क्षेत्र में बकरी चरा रहा एक बुजुर्ग अचेत अवस्था में मिला। आनन फानन उसे युवाओं ने अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि कुसमुंडा थाना अंतर्गत वैशाली नगर खम्हरिया के माता कर्मा स्कूल के पास रविवार की दोपहर एक बुजुर्ग बकरी चरा रहा था, जो बाद में वहां पर अचेत हालत में मिला। उसके सिर पर अंदरूनी चोट लगने से कान के पास से खून निकल रहा था। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा गई। इस दौरान वैशाली नगर के युवक वहां पहुंचे। उन्होंने बुजुर्ग को एंबुलेंस की मदद से पास के एसईसीएल अस्पताल में भर्ती कराया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। वहीं बुजुर्ग की अब तक पहचान नहीं हो सकी।
