भयानक सड़क हादसा: नेशनल हाईवे-130 में ट्रक और कार में जोरदार टक्कर के बाद लगी आग, जिंदा जले 2 युवक 

RAVI RATHORE
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले के नेशनल हाईवे-130 बी पर लमना के पास भयानक सड़क हादसा हो गया। यहां ट्रक और कार में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि हादसे के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में ट्रक चालक किसी तरह बाहर निकल सका। वहीं कार में दो लोग फंसे रह गए, कार का डोर लॉक होने से दोनों की जिंदा जलकर मौत हो गई। 

जानकारी के मुताबिक यह हादसा बांगो पुलिस थाना के अंतर्गत अंबिकापुर मार्ग पर लमना के पास हुआ। एक कार और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। दोनों वाहन काफी तेज रफ्तार में थे जिसके कारण यह हादसा हुआ। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। घटना के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना पर डायल 112 व बांगो पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी। कड़ी मशक्कत के बाद देर शाम तक आग पर काबू पाया जा सका। इसके बाद युवकों के शव को सबको बाहर निकला गया। 

पुलिस के मुताबिक मृतकों में केदारपुर अंबिकापुर का निवासी शिवम सिंह और विकास लकड़ा की मौत हुई है। विकास लकड़ा का अंबिकापुर में एक पेट्रोल पंप है। पेट्रोल पंप के कारोबार को लेकर ही विकास अपने दोस्त शिवम के साथ कार में अंबिकापुर से गोपालपुर कोरबा के लिए निकला था। इसी बीच यह हादसा हो गया। कार सवार दोनों युवकों का शव जलकर राख हो गया है। दोनों के शव की डीएनए जांच कराई जाएगी। शव की पहचान होने पर अंतिम संस्कार के लिए शव परिवार को सौंपा जाएगा।

Share This Article