नई दिल्ली: मंगलवार सुबह दिल्ली-एनसीआर समेत बिहार और पश्चिम बंगाल में भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के मुताबिक यह भूकंप 7.1 की तीव्रता का था, जिसका केंद्र नेपाल में बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक यह भूकंप सुबह 6:37 बजे आया। धरती करीब 15 सेकंड तक हिलती रही। वहीं, जलपाईगुड़ी में सुबह 6:35 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। कुछ समय बाद बिहार में भी लोगों ने तेज झटके महसूस किए।
दिल्ली-एनसीआर में भूकंप के झटकों के कारण लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। 7.1 तीव्रता का भूकंप बेहद तीव्र श्रेणी में आता है। वहीं अभी तक इस भूकंप से किसी नुकसान या हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है। अधिकारियों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। भूकंप का केंद्र नेपाल में बताया जा रहा है। बिहार की राजधानी पटना में भी भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं। 2015 में नेपाल के काठमांडू में आए भूकंप की तीव्रता 7.8 थी, जिसमें करीब 9,000 लोगों ने अपनी जान गंवाई थी।
नेपाल की सीमा से सटे तिब्बत के पहाड़ी क्षेत्र शिजांग में मंगलवार सुबह एक घंटे के अंदर आए 6 सिलसिलेवार भूकंप आए, जिसमें रिक्टर स्केल पर 7.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप भी शामिल था। न्यूज एजेंसी के मुताबिक भूकंप के कारण तिब्बत में जानमाल का नुकसान हुआ है और कम से कम 9 लोगों की मौत हुई है। भूकंप ने तिब्बत के शिगात्से शहर में बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। कई इमारतों समेत इंफ्रास्ट्रक्चर को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा है।
शिजांग स्वायत्त क्षेत्र (तिब्बत) के डिंगरी काउंटी में आए 7.1 तीव्रता के भूकंप में 32 लोगों की मौत हुई है और 38 घायल हुए हैं। नेपाल की राजधानी काठमांडू में तेज झटके महसूस होने के बाद लोग अपने घरों से बाहर निकलकर सड़कों और खुले स्थानों की ओर भाग गए।