हाथी की मौत के मामले में बिजली कर्मी गिरफ्तार
कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा वनमण्डल अंतर्गत कुदमुरा व पसरखेत रेंज की सीमा पर विगत दिनों करंट लगने से नर दंतैल हाथी की मौत हो गई। इस मामले में वन विभाग ने प्रथम दृष्टया बिजली विभाग के लाईनमैन को दोषी मानते हुए उसके खिलाफ अपराध दर्ज किया था। सोमवार को वन विभाग ने लाइनमेन गौतम को गिरफ्तार कर लिया है।

दरअसल 28 दिसंबर को करंट की चपेट में आ जाने से एक दंतैल हाथी की मौत हो गई थी। बिजली विभाग को वन क्षेत्र में लूज कनेक्शन तथा तरंग प्रवाहित तार के काफी निकट होने की सूचना दी गई थी और इसे ठीक करने को कहा गया था। क्षेत्र में पदस्थ लाईन मेन ने आकर मौके का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के पश्चात उसने लापरवाही बरती और तार को ठीक करने में रुचि नहीं दिखाई।
बार-बार कहने पर भी उसने तार को ठीक नहीं किया। जहां करंट प्रवाहित तार की चपेट में आ जाने से क्षेत्र में विचरण कर रहे एक नर हाथी की मौत हो गयी थी। वन विभाग ने इस मामले में वन विभाग ने वन्य प्राणी अधिनियम 1972 की धाराओं के तहत लाइनमेन गौतम आमटे के खिलाफ अपराध दर्ज किया था।
