बलौदाबाजार: बलौदाबाजार जिले के भाटापारा में रात के समय एक महिला की जान बाल-बाल बच गई। रामलीला मैदान में लगे यश एम्यूजमेंट पार्क के आकाश झूले पर सवार महिला की सेफ्टी बेल्ट अचानक ढीली हो गई। इससे वह झूले के बॉक्स से बाहर गिरने लगी, लेकिन उसने तुरंत झूले में लगे लोहे के पाइप को कसकर पकड़ लिया। उस समय झूला करीब 30 फीट की ऊंचाई पर था।
जैसे ही लोगों ने महिला को लटका देखा, मौके पर अफरा-तफरी मच गई। झूला ऑपरेटरों ने तुरंत झूला रोका और एक युवक झूले पर चढ़कर महिला तक पहुंचा। उसने महिला को किसी तरह बॉक्स में वापस बैठाया, जिसके बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान मेले में मौजूद लोगों की नजरें उसी पर टिकी रहीं।
गनीमत रही कि समय रहते झूला रोक दिया गया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, हालांकि महिला की पहचान अब तक नहीं हो पाई है।
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय प्रशासन हरकत में आ गया है। भाटापारा DSP तारेश साहू ने कहा कि इस तरह के पार्कों में सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। फिलहाल, पार्क की सुरक्षा व्यवस्था की जांच जारी है।
