भांजे की करंट से मौत, फसल बचाने खेत में मामा ने बिछाया था बिजली का तार
रायगढ़/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले के तमनार थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां खेत में करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। यह तार खेत के मालिक और मृतक के मामा द्वारा फसल को जंगली जानवरों से बचाने के लिए बिछाया गया था।
जानकारी के मुताबिक घटना ग्राम पेलमा की है। मृतक की पहचान मनोज पटेल (28 वर्ष) के रूप में हुई है, जो कंपनी में काम करने के बाद घर लौटा था। शनिवार शाम को मनोज पटेल काम से लौटने के बाद शौच के लिए खेत की ओर गया था। इसी दौरान वह खेत में लगे करंट प्रवाहित तार की चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह मौके पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।
काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। जब खेत की ओर खोजबीन की गई तो देर शाम उसका शव खेत के पास पड़ा मिला। शव के पास ही करंट लगे तार भी पाए गए।
सूचना मिलते ही तमनार पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव के हाथ और कंधे में झुलसने के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने खेत से करंट वाले तार जब्त कर लिए हैं। साथ ही शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया गया है।
घटना के संबंध में पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मृतक के मामा मनोहर नायक (65 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि मनोहर नायक ने फसल को जंगली जानवरों से बचाने के लिए खेत में अवैध रूप से बिजली का करंट प्रवाहित तार लगाया था।
तमनार थाना प्रभारी कमला पुसाम ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक शौच के लिए खेत की ओर गया था, तभी करंट लगे तार की चपेट में आ गया। उसके हाथ और कंधे में झुलसने के निशान हैं। फिलहाल मर्ग कायम कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।