कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के बालको स्थित सतनाम नगर इलाके में बीते कुछ दिनों से बीमार हालत में घूम रहा एक ऊंट ने आखिरकार दम तोड़ दिया। स्थानीय निवासियों की सूचना पर छत्तीसगढ़ हेल्थ वेलफेयर सोसाइटी ने मौके पर पहुंचकर ऊंट का अंतिम संस्कार कराया। बताया जा रहा है कि ऊंट को कुछ लोग जंगल में रस्सी से बांधकर छोड़ गए थे।
स्थानीय निवासी सावित्री गोंड ने बताया कि उन्होंने 112 नंबर और वेलफेयर सोसाइटी को इस बारे में सूचित किया था। सूचना के बाद पशु चिकित्सक पहुंचे और इलाज शुरू किया गया, लेकिन तब तक ऊंट की हालत काफी बिगड़ चुकी थी। पशु चिकित्सक मनोज कुमार के अनुसार ऊंट के मुंह में गंभीर संक्रमण फैल गया था, जिससे उसकी मौत हो गई।
वेलफेयर सोसाइटी के जिला अध्यक्ष अविनाश कुमार गुप्ता ने बताया कि टीम ने तत्काल रेस्क्यू कर इलाज शुरू किया था, लेकिन पशु को नहीं बचाया जा सका। बाद में जेसीबी मशीन की मदद से ऊंट को दफनाया गया।
बीमार ऊंट को रस्सी से बांधकर जंगल में छोड़ भागा मालिक, इलाज के दौरान तोड़ा दम
