कोरबा: राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता के बाद हिंसा, ट्रॉफी विवाद में खिलाड़ी पर हॉकी स्टिक से हमला, 14 टांके लगे, देखें वीडियो…..

2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  राज्य स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिता के समापन के बाद कोरबा और जांजगीर के खिलाड़ियों के बीच ट्रॉफी को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद बुधवार को हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान एक खिलाड़ी पर हॉकी स्टिक से हमला कर दिया गया, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं। उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जहां डॉक्टरों ने उसके सिर में 14 टांके लगाए।

घटना विद्युत गृह स्कूल क्रमांक-1 परिसर की है। इससे पहले सीएसईबी मैदान में ट्रॉफी को लेकर दोनों टीमों के बीच बहस हुई थी, जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह शांत कराया। लेकिन स्कूल पहुंचने के बाद विवाद दोबारा भड़क गया।

सिर पर किए गए कई वार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जांजगीर टीम के खिलाड़ी हेमंत ने कोरबा के खिलाड़ी आयुष मानिकपुरी पर हॉकी स्टिक से हमला कर दिया। आयुष के सिर पर एक के बाद एक कई वार किए गए, जिससे वह लहूलुहान हो गया। मौके पर मौजूद अन्य खिलाड़ियों और छात्रों में अफरा-तफरी मच गई।

घायल खिलाड़ी अस्पताल में भर्ती
घायल आयुष को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया जहां उसे कैजुअल्टी में भर्ती किया गया। डॉक्टरों ने बताया कि सिर की चोट गंभीर थी और 14 टांकों की जरूरत पड़ी। अस्पताल प्रशासन ने घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस चौकी को दी।

पुलिस ने शुरू की जांच, अधिकारियों से नहीं मिल सका संपर्क
जिला अस्पताल चौकी प्रभारी विश्व नारायण चौहान ने बताया कि पीड़ित और गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। इस बीच घटना को लेकर खेल विभाग के सहायक खेल अधिकारी केआर टंडन और आयोजन से जुड़े अन्य अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया।

Share This Article