मिट्टी खदान धंसने से बड़ा हादसा, दो ग्रामीणों की हुई मौत
बलरामपुर: दिवाली से पहले जहां एक ओर लोग घरों की सजावट में जुटे हैं, वहीं बलरामपुर जिले से दो दिल दहला देने वाली घटनाएं सामने आई हैं। मिट्टी खदान धंसने के दो अलग-अलग मामलों में एक युवक और एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति अब भी मलबे में लापता है। दोनों हादसे वाड्रफनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुए, जिससे इलाके में मातम पसर गया है।
पहला हादसा: लोधी गांव में युवक की मौत, एक लापता
लोधी गांव में दीवार पुताई के लिए छुई मिट्टी निकालने गए ग्रामीणों पर मिट्टी खदान का ऊपरी हिस्सा अचानक गिर पड़ा। हादसे में चार लोग दब गए। ग्रामीणों ने दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन उमेश कुमार (24), निवासी लोधी की मौके पर ही मौत हो गई। एक व्यक्ति अब भी मलबे में दबा हुआ बताया जा रहा है। रेस्क्यू अभियान जारी है।
दूसरा हादसा: मदनपुर में महिला की मौत, एक घायल
मदनपुर गांव में छुई मिट्टी लेने गईं महिलाएं भी इसी तरह के हादसे का शिकार हो गईं। मिट्टी धंसने से सविता (पति विजय कुमार), निवासी गुरमुट्टी की दबने से मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला घायल हो गई। दो महिलाएं बाल-बाल बचीं। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया गया।
त्योहार से पहले मातम का माहौल
इन दोनों घटनाओं से क्षेत्र में गमगीन माहौल है। प्रशासन और ग्रामीण मिलकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं। स्थानीय लोगों ने खनन कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर चिंता जताई है।
