कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: एसईसीएल के दीपका क्षेत्र की खदानों में बीते दिनों हुए हादसे को लेकर चौंकाने वाला सच सामने आया है। प्रारंभ में जिसे टायर फटने की घटना बताया गया था, वह दरअसल ब्लास्टिंग में इस्तेमाल होने वाले बूस्टर के विस्फोट से हुआ था।
हादसे में एक मजदूर बुरी तरह झुलस कर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके दोनों पैर काटने पड़े। अब वह अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। सूत्रों के मुताबिक ट्रक का टायर बूस्टर पर चढ़ते ही जोरदार धमाका हुआ, जिससे आसपास की मिट्टी और पत्थर तक हवा में उड़ गए।
हालांकि, दीपका प्रबंधन ने इसे “सामान्य दुर्घटना” बताते हुए दबाने की कोशिश की। मगर स्थानीय श्रमिकों और सूत्रों का कहना है कि यह कोई सामान्य हादसा नहीं, बल्कि सुरक्षा मानकों की भारी अनदेखी का नतीजा है।
क्षेत्र में पहले भी ब्लास्टिंग के दौरान बिना बैरिकेडिंग, बिना हेलमेट और बिना सुरक्षा उपकरणों के काम कराए जाने की शिकायतें मिलती रही हैं। बावजूद इसके एसईसीएल प्रबंधन और संबंधित ठेका कंपनियों ने अब तक कोई ठोस सुधार नहीं किया।
