बड़ा हादसा: 11 केवी बिजली तार से टकराया ट्रेलर, चालक की करंट लगने से मौत
कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के भंडारखोल गांव के पास एक दर्दनाक हादसे में ट्रेलर चालक की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना उस वक्त हुई जब एक एक्सवेटर लोड ट्रेलर (CG 07 C 1076) 11 केवी बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। ट्रेलर में करंट फैलते ही चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला पाली थाना क्षेत्र का है। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 और पाली बिजली सब स्टेशन को दी गई। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें नुनेरा, बांधाखार और दीपका से मौके पर पहुंचीं। वहीं घटनास्थल पर आम लोगों की आवाजाही भी रोक दी गई।
पाली सब स्टेशन से 11 केवी लाइन की बिजली आपूर्ति तत्काल बंद करवाई गई, जिससे और कोई नुकसान न हो। इसके बाद ट्रेलर को तारों के संपर्क से अलग कर सड़क किनारे हटाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करंट लगने से वाहन के पहिए में आग भी लग गई थी, जिसे समय रहते बुझा लिया गया।
हादसे के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा कारणों से कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति भी बाधित रही, जिसे बाद में बहाल किया गया। मृतक की पहचान कार्तिक राम, निवासी पंप हाउस, के रूप में हुई है। वह दीपका से एक्सवेटर लोड कर भंडारखोल की ओर जा रहा था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि ट्रेलर की ऊंचाई और लटकते बिजली तार इस हादसे का कारण बने।
