कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा शहर की जर्जर सड़कों की मरम्मत पर फिलहाल कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। राज्य शासन ने अगस्त माह में ही लोक निर्माण विभाग (PWD) को 5 करोड़ 70 लाख रुपये की राशि सड़कों की मरम्मत के लिए जारी कर दी थी लेकिन अभी तक कोई कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है।
अधिकारियों के अनुसार 15 अक्टूबर तक पैच वर्क पर रोक लगी हुई थी, और अब मरम्मत कार्य दीपावली के बाद शुरू किया जाएगा। तब तक शहरवासियों को गड्ढों और उड़ती धूल के बीच ही सफर करना होगा। बारिश के दौरान शहर के विभिन्न एंट्री प्वाइंट्स और मुख्य मार्गों की हालत और भी खराब हो गई। गौमाता चौक, इमलीडुग्गू से उरगा, रिंग रोड, गोपालपुर, और कुसमुंडा मार्ग पर सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हैं। कई जगहों पर जलभराव के कारण दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
निगम भी बना रहा मौन
नगर निगम की ओर से भी अब तक किसी प्रकार की मरम्मत कार्य की शुरुआत नहीं हुई है। महाराणा प्रताप चौक, पावर हाउस रोड, टीपी नगर और मुड़ापार रोड जैसी प्रमुख सड़कों की हालत अत्यंत खराब है। शहरवासी लगातार शिकायतें कर रहे हैं, लेकिन नतीजा शून्य ही रहा है।
बीते एक महीने के भीतर सड़कों की हालत को लेकर दो बार जन आंदोलन हो चुका है। इसके बावजूद संबंधित विभागों की चुप्पी अब तक टूटी नहीं है। अधिकारी केवल यह कह रहे हैं कि बारिश के बाद मरम्मत कार्य शुरू होगा लेकिन कब और कैसे इसका कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल रहा।
अब सारी उम्मीदें त्योहार के बाद संभावित मरम्मत कार्य पर टिकी हैं। तब तक शहरवासियों को अपनी दैनिक यात्रा धूल, गड्ढों और दुर्घटना के खतरे के बीच ही पूरी करनी होगी।
