राइस मिल में लगी भीषण आग, 200 कट्टा धान सहित ट्रक जलकर खाक, मची अफरा-तफरी
गरियाबंद: जिले के पैरी नगर स्थित मां कर्मा राइस मिल में शनिवार देर रात अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना करीब रात 2 बजे की है, जब मिल परिसर में खड़ी धान से भरी ट्रक में अचानक आग भड़क उठी। ट्रक में लोड लगभग 200 कट्टा धान पूरी तरह जलकर राख हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि आग राइस मिल के गोदाम तक नहीं पहुंची, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
धू-धू कर जला ट्रक, आग का कारण अब तक अज्ञात
मिल के मालिक विकास साहू ने बताया कि आग से ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह जल गया, और ट्रक में लोड धान भी नष्ट हो गया। आग लगने के कारणों की अब तक पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पूर्व नपा अध्यक्ष की तत्परता से बचा बड़ा हादसा
रात में घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष गाफू मेमन मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को तत्काल अलर्ट किया। उनकी तत्परता और विभाग की त्वरित कार्रवाई से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।
