कोरबा में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: मानिकपुर डिपरापारा की सरकारी जमीन कब्जामुक्त, अब एक शख्स ने जमीन पर जताया मालिकाना हक

2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   प्रशासन ने मानिकपुर डिपरापारा क्षेत्र में शासकीय भूमि को जमीन दलालों से मुक्त कराने के लिए कार्रवाई की है। इस दौरान कांग्रेस के पूर्व पार्षद सीताराम चौहान, लक्ष्मण लहरे, राजू सिमोन और सोनू जैन के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इन पर आरोप है कि उन्होंने शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर प्लॉट काटकर बेचने का काम किया।

एसडीएम सरोज महिलांगे ने बताया कि क्षेत्र में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों की जांच के बाद प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जमीन को कब्जामुक्त कराया। अधिकारियों का कहना है कि अब इस भूमि का सदुपयोग जनहित में किया जाएगा।

इस बीच, मामला अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। पुरानी बस्ती निवासी शत्रुघ्न सिंह राजपूत ने कलेक्टर से शिकायत कर उक्त भूमि को अपनी पुश्तैनी संपत्ति बताया है। उनका आरोप है कि कुछ जमीन दलालों और भ्रष्ट राजस्व अधिकारियों की मिलीभगत से उनकी जमीन को गलत तरीके से शासकीय भूमि के रूप में दर्ज कर बेचने की कोशिश की जा रही है।

शत्रुघ्न सिंह राजपूत का कहना है कि उनके परिवार के पास भूमि के स्वामित्व और उपयोग से जुड़े सभी दस्तावेज मौजूद हैं। उन्होंने दावा किया कि उच्च न्यायालय ने इस भूमि को यथास्थिति में उनके नाम दर्ज रखने का आदेश दिया था। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जमीन पर किसी प्रकार का अवैध कब्जा न होने दिया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

Share This Article