कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर के तत्वावधान में “रन फॉर यूनिटी” का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, स्कूली छात्र-छात्राएँ, शिक्षकगण, जनप्रतिनिधि, एसईसीएल के कर्मचारी तथा पुलिस चौकी स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ के साथ हुई, जिसमें देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने का संकल्प लिया गया। इसके पश्चात “रन फॉर यूनिटी” का शुभारंभ किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने सरदार पटेल के योगदान और राष्ट्र की एकता के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए एकता और सद्भाव का संदेश दिया।
इसी क्रम में शासकीय हाई स्कूल, जेपी कॉलोनी, कोरबा में भाषण प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता एवं चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने सरदार पटेल के जीवन, उनके नेतृत्व और राष्ट्रीय एकता में उनके योगदान पर अपने विचार प्रस्तुत किए। रंगोली और चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विविध रंगों के माध्यम से “एक भारत श्रेष्ठ भारत” का सुंदर संदेश दिया।
कार्यक्रम में चौकी प्रभारी एवं पुलिस स्टाफ, जनप्रतिनिधि, एसईसीएल के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूलों के शिक्षक उपस्थित रहे। सभी ने सरदार पटेल की जयंती को देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव को सुदृढ़ करने का अवसर बताया।
