कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के जेपी कॉलोनी स्थित एक घर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब राशन सामग्री के बीच एक काले-सफेद रंग का सांप दिखाई दिया। करीब 5 फीट लंबा यह दुर्लभ ‘फॉरस्टेन कैट स्नेक’ (Forsten’s Cat Snake) निकला जिसे स्थानीय भाषा में ‘चिंगराज’ या ‘बिल्ली सांप’ कहा जाता है। सूचना मिलते ही वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर सांप को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला।
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला मानिकपुर थाना क्षेत्र का है। जहां रात करीब 9:30 बजे पूर्व पार्षद एवं पार्षद प्रतिनिधि सुशील गर्ग ने इस घटना की सूचना रेस्क्यू टीम प्रमुख जितेंद्र सारथी को दी। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सांप को सुरक्षित थैले में बंद किया और घरवालों को इसकी प्रजाति व व्यवहार के बारे में जानकारी दी। इसके बाद सांप को जंगल में छोड़ दिया गया।
विशेषज्ञों के मुताबिक फॉरस्टेन कैट स्नेक हल्का विषैला होता है, लेकिन इंसानों के लिए खतरनाक नहीं माना जाता। यह अधिकतर रात में सक्रिय रहता है और मुख्य रूप से छोटे जीव-जंतुओं का शिकार करता है। वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम प्रमुख जितेंद्र सारथी ने लोगों से अपील की है कि सांप दिखने पर घबराएं नहीं, बल्कि धैर्य रखें और टीम को तुरंत 8817534455, 7999622151 इस नंबर पर सूचना दें। उन्होंने कहा कि सर्पदंश की स्थिति में तुरंत जिला अस्पताल पहुंचें और रेस्क्यू टीम को भी सूचित करें।
