सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह में शिक्षकों ने किया प्रधान पाठक एस. एल. सांडे का सम्मान

2 Min Read


हरदीबाजार (पाली विकासखंड):  पूर्व माध्यमिक शाला रेकी में प्रधान पाठक पद पर कार्यरत रहे एस. एल. सांडे जी के सेवानिवृत्त होने पर मंगलम भवन, हरदीबाजार में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी श्यामानंद साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।


इस अवसर पर उपस्थित समस्त शिक्षकों एवं गणमान्य नागरिकों ने सांडे का फूलमाला, श्रीफल एवं सप्रेम भेंट देकर सम्मान किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
खंड शिक्षा अधिकारी साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि एस. एल. सांडे जी ने 1 सितम्बर 1981 को शिक्षक पद पर अपनी सेवा आरंभ की थी और 31 अक्टूबर 2025 तक शिक्षा के क्षेत्र में लगातार 44 वर्षों तक समर्पित सेवा दी। उन्होंने अपने कार्यकाल में न केवल विद्यार्थियों बल्कि अभिभावकों को भी शिक्षा के प्रति जागरूक किया।


सांडे जी ने संकुल प्रभारी के रूप में भी उत्कृष्ट कार्य किया और अपने कर्तव्यों का हमेशा ईमानदारी से निर्वहन किया। उनके विरुद्ध कभी कोई शिकायत नहीं आई, जो उनके अनुशासित एवं प्रेरणादायी व्यक्तित्व को दर्शाता है। कार्यक्रम में उनके परिवारजनों, सहयोगी शिक्षकों, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सहित ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाते हुए सांडे जी के स्वस्थ, सुखी एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Share This Article