उसलापुर रेलवे स्टेशन पर हादसा: लोको पायलट की ट्रेन की चपेट में आने से मौत

2 Min Read

उसलापुर रेलवे स्टेशन पर हादसा: लोको पायलट की ट्रेन की चपेट में आने से मौत

बिलासपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज:  जिले के उसलापुर रेलवे स्टेशन पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में लोको पायलट की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी अनंत कुमार (38 वर्ष) के रूप में हुई है, जो इन दिनों उसलापुर में ही पदस्थ थे और किराए के मकान में अकेले रह रहे थे।

जानकारी के अनुसार दोपहर करीब तीन बजे स्टेशन के ट्रेनिंग सेंटर के सामने डाउन लाइन पर एक युवक का शव मिलने की सूचना रेलवे कर्मचारियों ने दी। आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और शव को जिला चिकित्सालय भिजवाया गया। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन बाद में उनके साथी लोको पायलट अजय कुमार और अन्य सहकर्मियों ने फोटो देखकर शिनाख्त की।

पुलिस के अनुसार संभावना है कि अनंत कुमार किसी परिचित को लेने स्टेशन पहुंचे थे और पटरी पार करते समय बरौनी एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। उनके सिर पर गंभीर चोट और पैर में चोट के निशान मिले हैं।

मृतक के मोबाइल की तलाशी उनके निवास स्थान से ली गई। बताया गया कि हादसे के समय कई साथी लोको पायलट उन्हें फोन कर रहे थे लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। चिंतित सहकर्मी जब स्टेशन पहुंचे, तो पटरी पर शव मिलने की जानकारी मिली। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। जीआरपी ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

Share This Article