बिलासपुर में फिर हादसे वाले ट्रैक पर एक साथ दौड़ीं 3 ट्रेनें, यात्रियों में मचा हड़कंप
बिलासपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: दो दिन पहले हुए दर्दनाक रेल हादसे के बाद भी रेलवे की लापरवाही खत्म नहीं हुई है। गुरुवार को बिलासपुर-कोरबा रेल रूट पर एक ही ट्रैक पर तीन ट्रेनें एक साथ दौड़ पड़ीं। कोरबा मेमू लोकल ट्रेन के आगे और पीछे दो मालगाड़ियां खड़ी हो गईं, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
कई लोग सुरक्षा की वजह से ट्रेन से नीचे उतर आए। घटना कोटमीसोनार और जयरामनगर स्टेशन के बीच की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारियों ने कंट्रोल रूम को जानकारी दी।
रेलवे ने कहा– “सामान्य प्रक्रिया”, लेकिन यात्रियों में दहशत
बिलासपुर रेलवे जोन के CPRO सुष्कर विपुल विलासराव ने इस घटना को “ऑटोमैटिक सिग्नलिंग सिस्टम की सामान्य परिचालन प्रक्रिया” बताया है। उन्होंने कहा कि इस सिस्टम में एक ही रूट पर एक से अधिक ट्रेनें संचालित हो सकती हैं, इसलिए यात्रियों को घबराने की जरूरत नहीं है।
हालांकि हाल ही में हुए हादसे के बाद यात्रियों में डर का माहौल है।
दो दिन पहले हुए हादसे में 11 लोगों की मौत
बता दें कि 4 नवंबर को लालखदान और गतौरा स्टेशन के बीच मेमू लोकल ट्रेन (68733) ने सामने खड़ी मालगाड़ी को टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेन का मोटर कोच मालगाड़ी के वैगन के ऊपर चढ़ गया। इस हादसे में 11 लोगों की मौत और 20 से अधिक घायल हुए थे।
CRS जांच जारी, कई विभागों के अधिकारी शामिल
हादसे की जांच कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी (CRS) कर रहा है। जांच में ऑपरेशन, सिग्नल, ट्रैफिक, लोको और इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारी शामिल हैं। वहीं, घायल असिस्टेंट लोको पायलट रश्मि राज से अस्पताल में ही बयान लिया जाएगा।
तोरवा पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
