कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में तीन साल पुराने एक मामले में जेके हॉस्पिटल, रामपुर के संचालक डॉक्टर और स्टाफ के खिलाफ इलाज में लापरवाही से मौत का केस दर्ज किया गया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने जांच और विधिक राय मिलने के बाद यह कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम करनौद निवासी संतोष कुमार डंडसेना (47 वर्ष) को 13 मार्च 2022 की शाम जेके हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उसी रात उनकी मौत हो गई थी। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया था। जिला अस्पताल की जांच टीम ने पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुष्टि की कि मौत लापरवाहीपूर्ण इलाज के कारण हुई।
विधिक राय मिलने के बाद पुलिस ने अस्पताल संचालक डॉक्टर जेके लहरे और अन्य स्टाफ के खिलाफ आईपीसी की धारा 304(ए) (लापरवाही से मौत) और 34 (सामान्य आशय) के तहत केस दर्ज किया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर ने बताया कि मृतक सामान्य जांच और इलाज के लिए अस्पताल आया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जिला स्वास्थ्य विभाग की जांच रिपोर्ट के आधार पर यह मामला सिविल लाइन थाना में दर्ज किया गया है।
