कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के भाटापारा रेकी चौक में शनिवार शाम बड़ी अग्नि दुर्घटना हो गई। करण अहीर के घर में मवेशियों के लिए रखा गया पैरावट अचानक आग की चपेट में आ गया। लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के घरों तक खतरा पैदा हो गया और लोग घबराकर बच्चों को लेकर बाहर निकल आए।
सूचना मिलते ही हरदी बाज़ार पुलिस सक्रिय हुई और एसईसीएल दीपका व गेवरा के दमकल विभाग को बुलाया गया। हालांकि, बताया गया कि करीब पाँच किलोमीटर की दूरी पर स्थित सरकारी दमकल वाहन एक घंटे से अधिक समय तक भी मौके पर नहीं पहुँचा।
इस बीच बांधाखार जीटीपी मारुति कंपनी का निजी दमकल वाहन घटनास्थल पर पहुँचा और टीम ने पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया। दमकलकर्मी राजकुमार के मुताबिक पहुंचते ही पूरी टीम ने तेजी से आग बुझाने का काम शुरू किया और सफलता हासिल की।
घटना में करीब साढ़े चार एकड़ में रखा पैरावट राख में बदल गया। पीड़ित करण अहीर ने लगभग 30 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है और आशंका जताई है कि किसी असामाजिक तत्व ने आग लगाई हो सकती है। मामले की सूचना हरदी बाजार थाने में दे दी गई है।
