धतुरा में BCA गोल्ड मेडलिस्ट श्रीराम कौशिक का हुआ भव्य स्वागत

2 Min Read

कोरबा/धतुरा:   ग्राम धतुरा के होनहार छात्र श्रीराम कौशिक तथा उनके चचेरे भाई रामभोला कौशिक का गांव पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। बिलासपुर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में देश के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा BCA में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर श्रीराम कौशिक को स्वर्ण पदक और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।

श्रीराम कौशिक साधारण मजदूर परिवार से आते हैं। उनके पिता मुड़ापार स्थित बारूद फैक्ट्री में कार्य कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने अपने बेटे को उच्च शिक्षा के लिए दिल्ली भेजा। श्रीराम ने कड़ी मेहनत और माता-पिता के आशीर्वाद से यह उपलब्धि हासिल कर परिवार, समाज और पूरे गांव का नाम रोशन किया।

वहीं, उनके चचेरे भाई रामभोला कौशिक नोएडा स्थित एक कंपनी में सॉफ्टवेयर डेवलपर के रूप में कार्यरत हैं। दोनों भाइयों के एक साथ सम्मानित होने से गांव में खुशी का माहौल है। यह पहला अवसर है जब धतुरा गांव के किसी युवक को राष्ट्रपति, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के हाथों स्वर्ण पदक प्राप्त हुआ है।

धतुरा आगमन पर ग्रामीणों ने दोनों का ढोल–ताशों, आतिशबाजी और फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया। इसके बाद दोनों भाइयों ने मां महामाया मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। परिवारजनों द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में सरपंच बृजबाई मरकाम और राजिन बाई कौशिक ने माला पहनाकर और अंगवस्त्र भेंट कर उनका सम्मान किया।

कार्यक्रम में उपस्थित दुर्गेश कश्यप ने कहा कि मजदूर परिवार से आकर स्वर्ण पदक हासिल करना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। समारोह में पं. दयानंद शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चार और पुष्पवर्षा के साथ दोनों युवाओं का स्वागत कराया।

इस अवसर पर पितर सिंह मरकाम, बिपत राम कौशिक, घासी सिंह, ज्ञानेंद्र कौशिक, कमल किशोर, सत्या कौशिक, रामधन, मुकेश कौशिक, विजय, रामेश्वर, भागवत कश्यप, तीजराम, मिलेराम, शीतल, विष्णु, छोटेलाल, दौलत, भुनेश्वर, केशुभाई, रामगोपाल, दुर्गेश कुमार, प्रभात, जय कौशिक, रॉकी, शिव सहित पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Share This Article