बिलासपुर: जिले के तखतपुर में रविवार सुबह घोरामार स्थित फेकूबांध से एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पानी में तैरते शव को सबसे पहले ग्रामीणों ने देखा, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोटा थाना पुलिस पहुँची और शव को बाहर निकाला। शुरुआती जांच में चौंकाने वाली बात सामने आई—युवक के शरीर पर भारी पत्थर बंधे हुए थे, जिससे आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर शव को बांध में फेंका गया है।
थाना प्रभारी तोपसिंह नवरंग के अनुसार, शव की शिनाख्त अब तक नहीं हो पाई है। पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने मौके से अहम सबूत जुटाए हैं और आसपास के गांवों में लापता युवकों की जानकारी एकत्र की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
